आगरा। शनिवार को देश का 74वां स्वतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास के साथ आगरा रेल मंडल प्रबंधक कार्यालय पर मनाया गया। आगरा रेल मंडल प्रबंधक सुशील कुमार श्रीवास्तव ने ध्वजारोहण किया और ध्वज को सलामी दी। इस दौरान आगरा रेल मंडल प्रबंधक सुशील कुमार श्रीवास्तव ने रेलवे के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को ईमानदारी से कार्य करने की शपथ भी दिलाई, इसके साथ ही एक परेड का आयोजन भी किया गया। आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने पैदल मार्च करते हुए आगरा रेल मंडल प्रबंधक सुशील कुमार श्रीवास्तव को सलामी दी। इसके बाद आगरा रेल मंडल प्रबंधक ने लॉक डाउन की अवधि में सराहनीय कार्य करने वाले 21 कोरोना वॉरियर्स रेल कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। आगरा रेल मंडल प्रबंधक से सम्मान पाकर रेल कर्मचारी काफी उत्साहित नजर आए।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आगरा रेल मंडल प्रबंधक सुशील कुमार श्रीवास्तव ने आगरा रेल मंडल की उपलब्धियों को सभी के सामने रखा। आगरा रेल मंडल प्रबंधक ने बताया कि इस समय सबसे बड़ी समस्या कोविड-19 की है। कोरोना संक्रमण के दौर में आगरा रेलवे ने बेहतर उपलब्धियां हासिल की हैं। रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों के कर्तव्यनिष्ठा के कारण 20 से अधिक श्रमिक गाड़ियों को चलाया गया जबकि आगरा रेल मंडल से कुल 636 गाड़ियों का संचालन किया गया। इन सभी गाड़ियों में भोजन, पानी इत्यादि की व्यवस्था की गई तो सभी को मास्क व सैनिटाइजर भी उपलब्ध कराए गए। श्रमिक स्पेशल गाड़ियों के संचालन के दौरान 5 गर्भवती महिलाओं का सुरक्षित प्रसव भी कराया गया। आगरा कैंट मथुरा जंक्शन एवं धौलपुर में 135 क्वारंटाइन बेड की व्यवस्था की गई स्काउट एवं गाइड द्वारा एवं जरूरतमंद लोगों को राशन भोजन व दवाइयों का वितरण किया गया।
आगरा रेल मंडल प्रबंधक ने बताया कि आगरा मंडल ने माल लदान को वर्ष 2024 तक दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट का गठन किया गया है जो व्यापारियों एवं रेल उपयोगकर्ताओं के समक्ष आने वाली कठिनाइयों का निदान करेगी, साथ ही विभिन्न शेडों में व्यापारियों एवं मजदूरों हेतु अनेक सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी। कोरोना संक्रमण काल के दौरान भी आगरा रेल मंडल ने गुड्स लदान में बेहतर प्रदर्शन किया है।
